शिमला के रिज पर स्थापित हुई वीरभद्र सिंह की प्रतिमा
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर अब पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित हो गई है। यह वही प्रतिमा है जिसकी स्थापना को लेकर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इसी साल 28 फरवरी को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद प्रदेश की सुक्खू सरकार पर गंभीर सियासी संकट गहरा गया था। जानकारी अनुसार शिमला के रिज पर डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के बगल में स्थापित की गई। वीरभद्र सिंह की यह प्रतिमा बीती रात ही शिमला लाई गई थी। इसे फिलहाल ढका गया है और इसका औपचारिक अनावरण 15 जुलाई को कई राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में किया जाएगा।
सियासी घटनाक्रमों के बाद मिली सफलता
लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री ने विक्रमादित्य सिंह ने 28 फरवरी 2024 को पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया था। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े थे। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब पिछली भाजपा सरकार ने रिज पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाने को मंजूरी दे दी थी, तो उनकी अपनी सरकार इस पर क्यों विलंब कर रही है।
वीरभद्र सिंह का 8 जुलाई 2021 को हुआ था निधन
रिज मैदान पर्यटन का केंद्र है, जहां महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इस सूची में वीरभद्र का नाम भी जुड़ गया है, जिनका निधन 8 जुलाई 2021 को हुआ था।












