पालमपुर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को गठित होगी कमेटी: एसडीएम
उपमंडल पालमपुर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से एसडीएम पालमपुर नेत्रा मेती की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, नागरिकों को सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध करवाने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुचारु यातायात संचालन के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया कि सुबह 5:00 बजे से 8:00 बजे तक सभी वोल्वो बसों को बैजनाथ की ओर भेजने के लिए कालू दी हट्टी से डाइवर्ट किया जाएगा, जिससे सब्जी मंडी क्षेत्र के पास ट्रैफिक दबाव को कम किया जा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया कि एसडीएम की अध्यक्षता में एक संयुक्त समिति गठित की जाएगी, जिसमें नगर निगम, पुलिस विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति पालमपुर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाएगी। एसडीएम ने कहा कि बेहतर यातायात व्यवस्था स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों की सहभागिता से ही सुनिश्चित की जा सकती है।
ओल्ड बस स्टैंड पालमपुर में वन-वे ट्रैफिक हो व्यवस्था
एसडीएम ने निर्देश दिए कि पालमपुर ओल्ड बस स्टैंड के समीप बस ठहराव में एक समय में अधिकतम दो बसें ही ठहरेंगी तथा रुकने की अवधि पांच मिनट से अधिक नहीं होगी। उन्होंने ओल्ड बस स्टैंड क्षेत्र में वनवे ट्रैफिक व्यवस्था की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए। उन्होंने व्यापार मंडल को भी निर्देशित किया कि पालमपुर बाजार क्षेत्र में दुकानों के बाहर माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग केवल निर्धारित समय पर ही की जाए, ताकि यातायात बाधित न हो।












