रेणुका में भाजपा को बडे झटके के साथ 05 परिवार कांग्रेस में शामिल
हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायती राज चुनावों से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। इसी कड़ी में, श्री रेणुका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। रविवार को गवाही पंचायत के पांच प्रमुख परिवारों ने भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का ऐलान कर दिया। इन परिवारों ने भाजपा की कार्यप्रणाली से नाराजगी जताते हुए यह कदम उठाया। यह घटनाक्रम रविवार को डिप्टी स्पीकर विनय कुमार के निजी आवास प्रेम भवन खेगुआ में हुआ, जहां गवाही पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की। ग्राम पंचायत गवाही के उप प्रधान लखबीर सिंह अत्री सहित जोगिंदर अत्री, पवन अत्री, सुखदेव अत्री और सुशील अत्री ने विधिवत रूप से कांग्रेस का हाथ थामा। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर विनय कुमार ने सभी नए सदस्यों को माला पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में सभी को उचित मान-सम्मान दिया जाएगा।
डिप्टी स्पीकर विनय कुमार का भाजपा पर तीखा हमला
विनय कुमार ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “केंद्र की भाजपा सरकार ने हिमाचल के विकास की लगातार अनदेखी की है। प्रदेश की जनता इस उपेक्षा का जवाब जरूर देगी।” इस दौरान रेणुका जी कांग्रेस के मंडल महासचिव मित्तर सिंह तोमर, पंचायत समिति संगड़ाह के अध्यक्ष तेजेन्द्र कमल, सुशील कमल और युवा कांग्रेस नेता करणजीत अत्री सहित बोग़धार जोन के कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। बरहाल इन परिवारों के कांग्रेस में शामिल होने से रेणुका विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है, जबकि भाजपा के लिए यह एक चिंता का विषय बन सकता है।












