रीडिंग व लर्निंग में देश का प्रथम राज्य बना हिमाचल: रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि असर की हालिया रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल प्रदेश रीडिंग और लर्निंग में देश का प्रथम राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने जोर दिया कि हिमाचल को शिक्षा के क्षेत्र में पूरे भारत में अव्वल बनाए रखने में सरकार, शिक्षकों और छात्रों को मिलकर सकारात्मक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि यदि वह इस स्थान पर है, और इसे बनाए रखने या और आगे बढऩे के लिए निरंतर सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। अपने प्रवास के दौरान जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ये बात उपस्थित जनसमूह और छात्रों से एक विशेष जनसंवाद कार्यक्रम में कहीं। उसके बाद उन्होंने न्यू बस स्टैंड कोटखाई के पास निर्माणाधीन डंगे का निरीक्षण किया। 2023 की प्राकृतिक आपदा के दौरान हुए भूस्खलन से खतरे में आए बस अड्डे के भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्माण कार्य प्रगति पर है। मंत्री ने अधिकारियों को कार्य में तेज़ी लाने और इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने इस निर्माण कार्य के लिए 1 करोड़ 43 लाख की राशि स्वीकृत कराने के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस डंगे का निर्माण कोटखाई के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है । इसके अलावा विकास कार्यों के जायजे के साथसाथ, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई स्थित विकास भवन में क्षेत्र के विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात की।
विद्यार्थियों से किया संवाद
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने सरस्वती विद्या मंदिर, कोटखाई के विद्यार्थियों से भी बातचीत की व सवालों के जवाब दिए।
शोक संतप्त परिवार से मिले
मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई निवासी नरेश शर्मा और उनके परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने नरेश शर्मा की पत्नी और बेटी के दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।












