विधायक संजय ने 28 लाभार्थियों को बांटे 24 लाख रुपए के चेक
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय रत्न ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह ज्वालामुखी में आयोजित कार्यक्रम में 28 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष एवं अन्य मदों से कुल 24 लाख रुपए के चेक वितरित किए। विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष से 12 लाभार्थियों को 4,25,000 रुपए, पशु की मृत्यु से प्रभावित 5 लोगों को 1,87,000 रुपए, आपदा में क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत के लिए 8 लाभार्थियों को 6,59,000 रुपए तथा दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिजनों को 11,25,000 रुपए के चेक प्रदान किए। विधायक संजय ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार जरूरतमंदों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इससे पूर्व विधायक ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, विधायक ने जनसमस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी (सिविल) डॉ. संजीव शर्मा, उपमंडल पुलिस अधिकारी आरपी जस्वाल, तहसीलदार राहुल शर्मा, रेंज ऑफिसर इशानी, सहायक अभियंता भारत भूषण तथा राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।












