इंद्रूनाग पैराग्लाइडिंग साइट पर हादसा: गुजरात के पर्यटक की मौत, पायलट गंभीर रूप से घायल
धर्मशाला के समीप इंद्रूनाग पैराग्लाइडिंग साइट पर रविवार को पैराग्लाइडर के उड़ान भरने के दौरान खाई में गिरने से गुजरात के पर्यटक की मौत हो गई और स्थानीय पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान सतीश भाई (25) पुत्र राजेश भाई निवासी रोहित बास्स गिरमाथा अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है। वहीं, पायलट की पहचान सूरज पुत्र संसार चंद निवासी टऊ धर्मशाला के रूप में हुई। सतीश को सिर पर गंभीर चोटें आईं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पायलट सूरज निवासी टऊ धर्मशाला और सतीश दोनों टेंडम फ्लाइट के दौरान उड़ान भर रहे थे कि उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों खाई में गिर गए। यह हादसा रविवार दोपहर करीब 3:00 बजे हुआ था। उधर, एएसपी कांगड़ा हितेष लखनपाल ने कहा कि हादसे की सूचना पुलिस को 4:00 बजे प्राप्त हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पर्यटक व पायलट को तत्काल अस्पताल भेजा। टांडा में पर्यटक की मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है और यह देखा जा रहा है कि क्या कोई सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ था। पहले भी हो चुका हादसा, कल लगनी है गतिविधियों पर रोक
इंद्रूनाग पैराग्लाइडिंग साइट पर इस साल जनवरी में भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद उड़ान भरने में सुरक्षा मानकों पर सवाल उठे थे और एसडीएम धर्मशाला की अध्यक्षता में जांच भी की गई थी। इसके बाद सुरक्षा उपायों के तहत उड़ान भरने की अनुमति दी गई थी। बरसात के मौसम के चलते 15 जुलाई से पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर रोक लगाई जानी है। इस हादसे का दुखद पहलू यह था कि यह घटना इस रोक से ठीक दो दिन पहले घटी।
जिले में अब तक हुए हादसे
2012 अमेरिका के 75 वर्षीय पायलट रॉन व्हाइट की उतराला की पहाड़ियों में मौत
2015 में उज्बेकिस्तान के पायलट कोनस्टेनटिन की लैडिंग के दौरान गिरने से मौत
2015 में यूनाइटेड किंगडम की रूथफ्री फ्ललाइंग के दौरान गिरने से घायल हुई थी
2016 में घोघरधार में एचटी लाइन की चपेट में आने से रूस के पायलट की मौत
2018 में पैराग्लाइडिंग के दौरान सिंगापुर में कमांडो 53 वर्षीय एनजी कॉकचूंग की गई जान
2018 में पायलट मैथ्यू को पालमपुर की धौलाधार रेंज में 3650 मीटर की ऊंचाई से रेस्क्यू
2020 में फरवरी में टेंडम फ्लाइट का प्रशिक्षण लेते छोटा भंगाल के 24 वर्षीय युवक की मौत
2020 में फ्रांस के पायलट की प्रशिक्षण के दौरान गई थी जान
2021 जनवरी में नई दिल्ली के एक पायलट रोहित भदोरिया की उड़ान भरने के दौरान मौत
2025 में इंद्रूनाग साइट पर जनवरी में अहमदाबाद की 19 वर्षीय युवती की मौत












