सकोह से जयसिंहपुर तक निकाली तिरंगा बाइक रैली
भाजपा जयसिंहपुर मंडल की ओर से मंगलवार को तिरंगा बाइक का आयोजन किया गया। यह रैली सकोह से शुरू हुई, जो जयसिंहपुर तक निकाली गई। रैली का नेतृत्व पूर्व विधायक रविंद्र धीमान और जिला परिषद सदस्य संजीव ठाकुर ने किया। दर्जनों युवा मोटरसाइकिलों पर तिरंगा थामे भारत माता की जय के नारों के साथ निकले, जिससे पूरे क्षेत्र में जोश और देशभक्ति का माहौल बन गया। रैली को संबोधित करते हुए रविंद्र धीमान ने कहा कि भारत अब सहनशीलता की नीति से आगे बढ़ चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठा रहा है। उन्होंने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। उन्होंने कहा कि उरी, पुलवामा और पहलगाम जैसे हमलों के बाद भारत ने साहसिक कार्रवाई कर दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि अब हर हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत पर किसी भी हमले को अब युद्ध माना जाएगा। इस मौके पर रिटायर्ड कर्नल डीसी राणा, मंडल अध्यक्ष हनुमंत शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम रतन शर्मा, धर्मेंद्र जोली सिंह, अंकुश धीमान, प्रधान अजय पठानिया, प्रधान रणबीर, विवेक जग्गी समेत कई कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया।












