थुरल के अग्निवीर नवीन कुमार कारगिल के द्रास में बलिदान
विकास खंड सुलह की पंचायत थुरल के हलूं गांव के नवीन कुमार (25) ड्यूटी के दौरान 20 मई को भूस्खलन की चपेट में आने से कारगिल के द्रास सेक्टर में वीरगति को प्राप्त हो गए। स्थानीय पंचायत प्रधान वंदना से मिली जानकारी के अनुसार, नवीन कुमार बतौर अग्निवीर लगभग 2 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। वह जम्मू- कश्मीर राइफल में अग्निवीर के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनके पिता स्व. राजमल भी 13 जैक राइफल में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जिनका देहांत हो चुका है। वह अपनी विधवा मां अजुध्या देवी का इकलौता सहारा थे। नवीन कुमार की पार्थिव देह वीरवार को उनके पैतृक गांव हलूं पहुंचेगी। स्थानीय विधायक विपिन सिंह परमार एवं ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।












