शाहपुर के रिंकू ने जीती बड़ी माली, आरएस बाली ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत, मेला कमेटी को दिए 31 हजार रुपए
कबाड़ी पंचायत के दो दिवसीय डिनू बाबा और महाराज बाबा को समर्पित मेले के समापन समारोह में पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष एवं कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विशेष अतिथि डॉक्टर नरेश विरमानी ने शिरकत की। बाली ने कहा कि मेले हमारी प्राचीन धरोहर हैं तथा हमारी नई पीढ़ी को इस प्राचीन धरोहर को संभाल कर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां विधानसभा के विकास रूपी पहिए को पटरी पर लाने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष जीएस बाली ने इस विधानसभा क्षेत्र को समस्त हिमाचल में प्रथम विधानसभा क्षेत्र की पहचान दिलवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। इस विधानसभा में तीन आईटी, दो डिग्री कॉलेज, दो तहसीलें, इंजीनियरिंग कॉलेज, फॉर्मेसी कॉलेज, फायर स्टेशन, एसडीएम कार्यालय के साथ-साथ सभी विभागों के आवश्यक कार्यालय मौजूद हैं। इस कारण ही स्व. जीएस बाली को विकास पुरुष के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि चगर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग को सरोतरी से रानीताल तक निर्माण करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष मामला उठाकर इसकी डीपीआर तैयार करवाई जा रही है। नेशनल हाईवे विभाग ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है। शाहपुर के दरगेला के रिंकू ने बड़ी माली और छोटी माली जवाली के कृष्ण ने जीती। कमेटी ने विजेता पहलवान को 21 हजार और उपविजेता को 11 हजार रुपए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बाली ने मेला कमेटी को 31 हजार रुपए अपनी विकास निधि से देने की घोषणा की।












