बिना अनुमति लगाए गए व्यवसायों पर कार्रवाई, पुलिस-प्रशासन ने हटाईं रेहड़ियां
पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के मुख्य मार्ग से बुधवार को नगर निगम धर्मशाला ने पुलिस के सहयोग से 21 से अधिक अनाधिकृत रेहड़ी-फड़ी वालों को हटा दिया। यह कार्रवाई धर्मगुरु दलाई लामा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार ये रेहड़ियां बिना अनुमति के संवेदनशील क्षेत्रों में लगाई गई थीं। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे थे। पुलिस थाना मैक्लोडगंज के एसएचओ दीपक कुमार ने कहा कि नगर निगम ने सुरक्षा दृष्टिकोण से कार्रवाई के लिए पुलिस से सहयोग मांगा था। उन्होंने बताया कि किसी भी अनहोनी की संभावना को टालने और धर्मगुरु दलाई लामा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। सभी हटाए गए रेहड़ी-फड़ी धारकों को चेतावनी दी गई है कि वे भविष्य में निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करें।












