चामुंडा से वृंदावन के लिए चली हिमधारा, आरएस बाली ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, यात्रियों के साथ किया सफर
प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम से वृंदावन धाम के लिए हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की बस हिमधारा को पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद नगरोटा बगवां से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इस मौके पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा विशेष तौर पर उपस्थित रहे। वहीं, बाली ने बस में बैठकर यात्रियों के साथ सफर भी किया। बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेशभर में एक समान विकास कर रहे हैं। कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी बनाने की दिशा में निरंतर नए निर्णय ले रहे हैं। इस बस के वृंदावन तक चलने से वृंदावन धाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को लाभ होगा। वहीं, वृंदावन से आने वाले अन्य राज्यों के श्रद्धालु भी कांगड़ा जिले के मंदिरों के दर्शन आसानी कर पाएंगे। उन्होंने इस बस को चलाने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस वाया बगलामुखी, ज्वालाजी, देहरा, चंडीगढ़, दिल्ली से होकर वृंदावन पहुंचेगी। बस चामुंडा से रोजाना दिन में 3 बजकर 20 मिनट पर चलेगी और अगले दिन सुबह 8:45 बजे वृंदावन धाम पहुंचेगी। बस रोजाना सायं 4 बजे वृंदावन से चलकर अगले दिन सुबह 9:50 बजे चामुंडा पहुंचेगी। एचआरटीसी के पोर्टल से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
अजय वर्मा ने कांगड़ा बस स्टैंड में किया स्वागत
पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कांगड़ा बस स्टैंड में बस का स्वागत किया। उन्होंने बस में यात्रा करने वाले सभी यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मोके पर डीएम पंकज चड्ढा, एसडीएम मुनीश शर्मा, आरएम राजिंदर पठानिया, अड्डा इंचार्ज संजीव ठाकुर, मुख्य निरीक्षक तिलक राज, अधीक्षक अजय कुमार, रोशन लाल, खन्ना, कृष्ण कानूनगो, अरुण कटोच, प्रताप रियाड आदि मौजूद रहे।
बस किराया
चामुंडा से 1216 रुपए
नगरोटा से 1195 रुपए
कांगड़ा से 1147 रुपए












