हिमाचल की ठंडी वादियों में ‘वोट चोर- गद्दी छोड़' अभियान से गर्माई राजनीति
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा देशभर में शुरू किए गए ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान की गूंज अब हिमाचल प्रदेश की सियासत में भी सुनाई देने लगी है। प्रदेश की ठंडी वादियों में यह अभियान राजनीतिक तापमान बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने इस अभियान की शुरुआत की और भाजपा पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। इस मौके पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सोहन लाल ठाकुर ने स्थानीय भाजपा विधायक राकेश जंवाल पर 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान कई मतदाताओं के नाम गलत विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज कर वोटिंग प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है।उन्होंने दावा किया कि सुंदरनगर विधानसभा से 4 से 5 हजार वोटों की चोरी हुई है। भाजपा विधायक के घर पर डबल वोट के प्रमाण मिले हैं। उन्होंने कहा कि एक मतदाता जो मूल रूप से नाचन क्षेत्र के जरल गांव का निवासी है, उसका वोट विधायक के घर पते पर दर्ज किया गया है। पूर्व सीपीएस ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र सुंदरनगर के कई घरों में 40 से लेकर 60 तक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, जबकि ये सभी लोग किसी अन्य क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस तरह की गड़बड़ियां चुनावों के दौरान मतदाता सूची में जानबूझकर की गईं जिससे परिणामों को प्रभावित किया जा सके। सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि इस पूरे मामले को उन्होंने पहले ही निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उठाया था, लेकिन वोटर लिस्ट जारी होने के बाद अधिकारी ने उसमें संशोधन करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा यह स्पष्ट प्रमाण है कि देशभर में वोट चोरी के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है। सोहन लाल ठाकुर ने भारत के राष्ट्रपति और भारत निर्वाचन आयोग से मांग की है कि वे इस मामले में संपूर्ण जांच करवाएं और त्रुटिपूर्ण मतदाता सूचियों को शीघ्र दुरुस्त करें, जिससे आगामी चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न किए जाएं।












