ढली और रामपुर के बीच जल्द बनेगा फोरलेन: विक्रमादित्य
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ढलीरामपुर फोरलेन प्रक्रिया को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है। शीघ्र ही इस फोरलेन का कार्य शुरू हो जाएगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के दौरान गडकरी ने यह डिमांड पूरी की है। विक्रमादित्य ने इस दौरान उन्होंने राज्य से संबंधित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और केंद्रीय मंत्री से उनके शीघ्र निष्पादन का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से घाटासनी-शिल्हा- बधानी-भुभुजोत-कुल्लू सड़क, जिसमें भुभुजोत सुरंग भी शामिल है, को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने इस मार्ग के रणनीतिक महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह रक्षा साजो-सामान की आवाजाही के लिए एक स्थिर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और मार्ग को 55 किलोमीटर छोटा कर देगा। विक्रमादित्य ने एनएच-05 पर ढली से रामपुर तक फोरलेन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने मौजूदा राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने का भी आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना में 5 राष्ट्रीय राजमार्गों को शामिल करने का अनुरोध प्रस्तुत किया गया है और उन्होंने इसकी स्वीकृति का आग्रह किया।
केंद्रीय सड़क निधि के तहत 130 करोड़ जारी करने का आग्रह
विक्रमादित्य ने केंद्रीय मंत्री से केंद्रीय सड़क निधि के तहत 130 करोड़ रुपए की राशि शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राज्य में कार्यों की वार्षिक सीमा को बढ़ाकर 250 करोड़ रुपए करने का भी अनुरोध किया। नितिन गडकरी ने लोक निर्माण मंत्री की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।












