दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण में मोदी सरकार बनी मिसाल- विधायक राकेश जंवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने दिव्यांगजनों के जीवन में सम्मान अवसर और आत्मनिर्भरता का नया युग शुरू किया है। यह बात भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जंवाल ने समग्र क्षेत्रीय केंद्र द्वारा सुंदरनगर में आयोजित दिव्यांगजन सशक्तिकरण मेले के दौरान कही उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां अब दिव्यांगजनों को समाज में सम्मानजनक पहचान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अब यह वर्ग विकलांग नहीं बल्कि दिव्य शक्तियों से संपन्न नागरिक के रूप में पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीआरसी केंद्र इस अभियान की रीढ़ हैं, जहां दिव्यांगजनों को न केवल चिकित्सीय सहायता दी जाती है, बल्कि कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं। एसआईपीडीए योजना ने सार्वजनिक संस्थानों में बाधा-मुक्त वातावरण बनाने की दिशा में क्रांतिकारी बदलाव किया है। साथ ही कई राज्य सरकारों ने अपने-अपने बजटों में दिव्यांग पेंशन राशि बढ़ाकर सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन एक समावेशी भारत का है, जहां हर नागरिक चाहे वह सक्षम हो या दिव्यांग गरिमापूर्ण और स्वतंत्र जीवन जी सके। भाजपा सरकार का संकल्प है कि विकसित भारत के निर्माण में दिव्यांगजनों का पूर्ण योगदान सुनिश्चित किया जाएगा।












