कश्मीर से हिमाचली छात्रों की सुरक्षित वापसी, कांगड़ा में एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन अजय वर्मा ने किया स्वागत
भारत-पाक के बीच उपजे तनाव के चलते शेर-ए-कश्मीर कृषि विवि और अन्य संस्थानों में पढऩे वाले हिमाचल के लगभग 40 छात्र वहां फंस गए थे। हिमाचल सड़क परिवहन निगम को तुरंत उनकी सुरक्षित वापसी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। एचआरटीसी की एक विशेष बस को जम्मू भेजा गया था। जम्मू और कश्मीर सड़क परिवहन निगम के साथ आगे समन्वय किया गया, जिसने छात्रों की श्रीनगर से जम्मू तक की यात्रा की व्यवस्था की। छात्र 10 मई की देर रात जम्मू पहुंच गए और रात को वहीं रहे। 11 मई को दोपहर बाद करीब 2 बजे सभी छात्र सुरक्षित कांगड़ा बस स्टैंड पहुंच गए। यहां पर एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने खुद बच्चों का स्वागत किया। अजय वर्मा ने सभी छात्रों से अपने कार्यालय में बात की और उनके लिए खाने का इंतजाम किया। कांगड़ा पहुंचने के बाद सभी छात्रों से मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बात की। परिवहन निगम ने कांगड़ा से सभी छात्रों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए अलग से व्यवस्था की। सुरक्षित वापसी पर सभी छात्रों ने मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार और एचआरटीसी निदेशक अजय वर्मा का आभार जताया।