शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की पेयजल योजना पर खर्च होंगे 80 करोड़ रुपए: पठानिया
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल योजनाओं पर लगभग 80 करोड़, सिंचाई योजनाओं पर 16 करोड़ व सीवरेज पर 56.56 करोड़ की धनराशि व्यय की जा रही है। केवल पठानिया ने बुधवार को बसनूर पंचायत में विद्युत संचालित हैंडपंप का लोकार्पण किया उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पारंपरिक पेयजल स्रोतों के संरक्षण के लिए भी उचित कदम उठाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। पठानिया ने कहा कि शाहपुर विस के ग्रामीण क्षेत्रों का चरणबद्व विकास सुनिश्चित किया जा रहा है, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क स्वास्थ्य तथा शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पहल की जा रही है। वर्तमान सरकार ग्रामीण अर्थव्यस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दे रही है। दूध पर समर्थन मूल्य देने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना है। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। रैत ब्लॉक को भी शिवा प्रोजेक्ट के तहत लाया जा रहा है, ताकि बागवानी को बढ़ावा मिल सके और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरका सरकारी नीतियों में बदलाव लाकर अतिरिक्त राजस्व कमाने में सफल हो रही है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन से हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।












