सुक्खू सरकार ने युवाओं से किया विश्वासघात: बिंदल
सीएम सुक्खू पर बेरोजगार युवाओं के साथ विश्वासघात करने का गंभीर आरोप लगा है। भाजपा नेता डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने सरकारी नौकरी देने की गारंटी से इनकार किया है। बिंदल का दावा है कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, जिसके बल पर वे सत्ता में आए, लेकिन अब मुख्यमंत्री अपने वादे से मुकर रहे हैं। डॉ. बिंदल ने मुख्यमंत्री के एक मीडिया साक्षात्कार का हवाला दिया, जिसमें सुक्खू ने कथित तौर पर कहा कि हमने सरकारी नौकरी देने का वादा किया, गारंटी दी, यह सर्वथा गलत है। बिंदल के अनुसार, यह बयान उन बेरोजगारों के साथ सीधा विश्वासघात है, जिन्हें चुनाव से पहले कांग्रेस ने 67 हजार खाली पदों और 33 हजार नए पद सृजित कर कुल 1 लाख सरकारी नौकरियां पहली ही कैबिनेट में देने की गारंटी दी थी। बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ-साथ पूरी कांग्रेस पार्टी, जिसमें प्रियंका गांधी और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी शामिल हैं, ने चुनाव प्रचार के दौरान बढ़-चढ़कर एक लाख सरकारी नौकरियां और कुल 5 लाख रोजगार देने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि इन वादों की रिकॉर्डिंग हर व्यक्ति के मोबाइल फोन में उपलब्ध है। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता पाने के लिए बेरोजगार युवाओं की भावनाओं को भड़काया और उन्हें सरकारी नौकरी की झूठी गारंटी देकर अपने पक्ष में वोट डलवाए।












