कांगड़ा जिले को नशा मुक्त बनाने में दें योगदान : डीसी
जिला मुख्यालय धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीसी हेमराज बैरवा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। डीसी ने बताया कि सरकार नशीली दवाओं के खिलाफ शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) की नीति पर काम कर रही है। नशीली दवाओं की तस्करी एवं सेवन से संबंधित मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दोषियों की संपत्तियों को भी जब्त किया जा रहा है। डीसी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि वे स्वयं, अपने परिवार, मित्रों और समुदाय को नशे से दूर रखने का संकल्प लें और जिला कांगड़ा को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें। कार्यवाहक जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने 1 जून से 26 जून तक नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में आयोजित गतिविधियों की जानकारी साझा की।












