सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा नगरोटा: आरएस बाली
-50.25 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का किया भूमि पूजन
पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने वीरवार को 50 करोड़ 25 लख रुपए की लागत से नगरोटा बगवां के सौंदर्यीकरण करने की 6 विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। उन्होंने प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड परियोजना कार्यान्वयन इकाई कांगड़ा के कार्यालय का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र देश-विदेश के सैलानियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा। बाली ने सर्वप्रथम नारदा शारदा मंदिर पहुंचे और मंदिर में माथा टेका। उन्होंने नगरोटा परिवार के बुजुर्गों के साथ मिलकर नारदा शारदा मंदिर के सौंदर्यीकरण के कार्य का भूमि पूजन किया। मंदिर के सौंदर्यीकरण पर 62 लाख की राशि को खर्च की जाएगी। इसके बाद गांधी मैदान पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ मिलकर भूमि पूजन किया, जिस पर 4.62 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। वहीं मेला ग्राउंड भी भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया इस मैदान के सौंदर्यीकरण पर पर 6.82 करोड़ रुपए की लागत लगाकर इसे नगरोटा के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।
कहा- गांधी मैदान और मेला मैदान आपस में जोड़े जाएंगे
आरएस बाली ने बताया कि गांधी मैदान और मेला मैदान दोनों को आपस में जोड़ा जाएगा और इन दोनों मैदानों को भव्य रूप दिया जाएगा। इसके बाद नगरोटा के पौड साहिब गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने बुजुर्गों के साथ मिलकर भूमि पूजन किया और उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक गुरुद्वारा के सौंदर्यीकरण पर 2.30 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी। उन्होंने गुरुद्वारे में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। उन्होंने ठारू जंक्शन से हटवास तक के सड़क सौंदर्यीकरण का भूमि पूजन भी किया। इस सड़क के सौंदर्यीकरण पर 26.72 करोड़ रुपए की लागत लगाई जाएगी। उन्होंने बुजुर्गों के साथ मिलकर नगरोटा बगवां के पुराने बस स्टैंड के सौदर्यीकरण का भी भूमि पूजन किया, जिस पर 1.68 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया बड़ोह और अन्य जगह पार्क बनाने पर 7.48 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।












