शहीदी दिवस पर ITBP और एनसीसी के सहयोग से वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में आज 'पुलिस शहीदी दिवस' का आयोजन भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) के सहयोग से बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनसीसी वायु सेना विंग मंडी के फ्लाइट कमांडर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर बीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने से हुआ। फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन एवं ITBP के सब-इंस्पेक्टर मुनी लाल ने वीर नारी श्रीमती बीना गुलेरिया को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. चमन ने कहा कि जो व्यक्ति ड्यूटी को सर्वोच्च मानता है, वही सच्चा प्रहरी होता है। उन्होंने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि हर नागरिक को ईमानदारी और निष्ठा से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में ITBP के 10 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे, जिनकी स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने यह भी बताया कि शहीद असिस्टेंट कमांडेंट सुरेंद्र पाल सिंह, जो 1978 में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय के छात्र और एनसीसी कैडेट रहे थे, ने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुकाबला करते हुए बलिदान दिया। उनके जीवन से आज के युवा प्रेरणा लें। इस अवसर पर ITBP के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर मुनी लाल ने भी शहीद सुरेंद्र पाल सिंह की वीरगाथा साझा की। कार्यक्रम के बाद मिठाई वितरित की गई।इस मौके पर वीरगति प्राप्त शहीद के परिवारजन — पत्नी बीना गुलेरिया, पुत्र आशीष गुलेरिया, पुत्रवधू कल्पना गुलेरिया, पोती माहीरा गुलेरिया और पोता विहान गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाफ, एनसीसी कैडेटों और ITBP अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिवाली अवकाश के बावजूद विद्यार्थियों और स्टाफ की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही। अंत में प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने सभी को शुभकामनाएं दीं और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।












