ग्रामीण विकास को नई दिशा: मंत्री चंद्र कुमार ने किया नियांगल पंचायत भवन का लोकार्पण, कॉमन सर्विस सेंटर और बहुउद्देशीय हॉल की भी घोषणा
विधानसभा क्षेत्र जवाली की ग्राम पंचायत नियांगल में मंगलवार को कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने 33 लाख रुपये से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। नए भवन में कॉमन सर्विस सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जिससे लोगों को सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। मंत्री ने कहा कि पंचायत भवन की ऊपरी मंजिल पर एक बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण किया जाएगा, जिसे पंचायत बैठकों के साथ-साथ ग्रामीणों के विवाह, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी उपयोग में लाया जाएगा। प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को 7-7 लाख रुपये की सहायता राशि मंजूर की गई है। जिन लाभार्थियों को दूसरी किस्त नहीं मिली है, उन्हें भी शीघ्र यह राशि दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अब कोटला को नगर पंचायत का दर्जा दे दिया गया है, जिससे क्षेत्र में नगरीय ढांचे के तहत योजनाबद्ध और तेज़ विकास संभव हो सकेगा। इस अवसर पर उन्होंने नियांगल के क्रांति युवक मंडल को 50 हजार रुपये की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता विशाल पत्रवाल, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के एसडीओ अमन रिहालिया, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ राजेश कुमार, नायब तहसीलदार कोटला कोविंद्र चौहान, सब इंस्पेक्टर देवराज और जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा भी मौजूद रहे।












