भारत ने जीती महिला वनडे ट्राई सीरीज, फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 97 रन से हराया, मंधाना ने लगाया शतक
भारत ने श्रीलंका को 97 रन से हराकर त्रिकोणीय सीरीज का फाइनल मुकाबला जीत लिया। कोलंबो में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना की शतकीय पारी की मदद से 50 ओवर में सात विकेट खोकर 342 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 48.2 ओवर में सिर्फ 245 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए कप्तान चामरी अटापट्टू ने सर्वाधिक 51 रनों की पारी खेली। वहीं, भारत की तरफ से स्नेह राणा ने चार और अमनजोत कौर ने तीन विकेट चटकाए। इस सीरीज की तीसरी टीम दक्षिण अफ्रीका थी जो फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत झटके के साथ हुई। अमनजोत कौर ने पहले ही ओवर में हसिनी पेरेरा को बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल पाईं। हालांकि, श्रीलंका ने इससे उबरते हुए विश्मी गुनारत्ने और चामरी अटापट्टू की साझेदारी की बदौलत दूसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। अमनजोत ने अपनी गेंदबाजी का कहर बरपाते हुए दोनों बल्लेबाजों को बोल्ड कर दिया। विश्मी 36 और चामरी 51 रन बनाकर आउट हुईं। इसके अलावा निलक्षिका सिल्वा ने 48, हर्षिता समरविक्रमा ने 26 और देवमी विहंगा ने चार रन बनाए। इसके बाद संजीवनी और सुगंदिका ने कुछ अच्छे शॉट खेले, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। दोनों क्रमश: 28 और 27 रन बनाकर आउट हो गईं। भारत के लिए स्नेह राणा और अमनजोत कौर के अलावा चरणी ने एक विकेट हासिल किया।












