केंद्र की 11 वर्ष की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने को सौंपी जिम्मेदारियां
केंद्र में एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला कांगड़ा भाजपा ने बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मटौर में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पार्टी प्रभारी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने की। इसमें कांगड़ा, शाहपुर, धर्मशाला, नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। परमार ने कहा कि 11 जून को प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में एनडीए सरकार के 11 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है और इस दिन को भाजपा ने संकल्प से सिद्धि की और आत्मनिर्भर हिंदुस्तान का नारा देकर मनाने का फैसला लिया है। केंद्र सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियां को हर जिला, मंडल व बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए पार्टी पदाधिकारी साथ कार्यशाला में विस्तृत चर्चा कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा हर विधानसभा क्षेत्र में केंद्र की योजनाओं को रैली, संगोष्ठी के माध्यम से बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा 21 जून को विश्व योग दिवस के उपलक्ष में हर पोलिंग बूथ ग्रामीण स्तर पर और स्कूलों में विश्व योग दिवस का आयोजन करने के लिए भाजपा प्रयासरत है। 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस को हर मंडल और पोलिंग बूथ पर मनाया जाएगा। केंद्र सरकार ने कई योजनाएं शुरू कर देश की जनता को राहत पहुंचाई है। इससे पहले सह प्रभारी व विधायक पवन काजल ने मुख्य अतिथि विपिन सिंह परमार का शॉल और टोपी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी, विनय शर्मा, पूर्व विधायक अरुण कूका आदि मौजूद रहे।












