एचपीपीसीएल के पूर्व एमडी मीणा को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत
हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लि. के पूर्व प्रबंध निदेशक और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हरिकेश मीणा को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में उन्हें आगामी 14 जुलाई तक अग्रिम जमानत प्रदान की गई है। यह मामला चीफ इंजीनियर विमल नेगी की कथित मौत से जुड़ा है, जिसमें नेगी की पत्नी ने मीणा सहित दो अन्य अधिकारियों पर मानसिक प्रताडऩा के गंभीर आरोप लगाए हैं। यह प्रकरण तब प्रकाश में आया, जब चीफ इंजीनियर विमल नेगी का शव गत 18 मार्च को बिलासपुर स्थित गोबिंदसागर झील में मिला था। नेगी के परिजनों ने आरोप लगाया था कि एचपीपीसीएल के पूर्व एमडी हरिकेश मीणा, डायरेक्टर देसराज और डायरेक्टर शिवम प्रताप सिंह द्वारा की गई कथित मानसिक प्रताडऩा के कारण विमल नेगी ने यह आत्मघाती कदम उठाया। अगली सुनवाई में सीबीआई कोर्ट में प्रस्तुत करेगी जांच की स्टेटस रिपोर्ट: हरिकेश मीणा की अग्रिम जमानत याचिका पर अगली सुनवाई में सीबीआई को हाईकोर्ट में जांच की स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इस मामले की आगे की जांच और आने वाले घटनाक्रम पर सबकी निगाहें टिकी हैं।












