मुख्यमंत्री पहली जून को कोहडरा में करेंगे डे-बोर्डिंग स्कूल का शिलान्यास
बड़सर विधानसभा क्षेत्र के लोगों का कोहडरा में प्रस्तावित डे बोर्डिंग स्कूल का सपना अब जल्द ही पूरा होने वाला है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कोहडरा में 125 कनाल भूमि पर बनने बाले डे-बोर्डिंग स्कूल का पहली जून को शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का यह एक दिन का दौरा पिछले काफी दिनों से इंतजार में है। हालांकि अभी सरकारी तौर पर इसकी घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बड़सर विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के नेताओं ने इस दौरे को लेकर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है, ताकि मैहरे में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री की जनसभा में भीड़ जुटाई जा सके। वैसे तो मैहरे में मिनी सचिवालय का भवन भी बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन अभी यह नहीं कहा जा सकता कि उसका भी उद्घाटन होगा क्योंकि इसके भीतर जो विभाग सजने हैं, उनके फर्नीचर और अन्य सुविधाओं का इंतजाम भी होना है। उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी रहे सुभाष ढटवालिया ने दौरे को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के कांग्रेसियों के साथ बैठकों का दौर शुरू कर दिया है, साथ ही विस क्षेत्र के लिए प्रस्तावित करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बड़सर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया ने इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्लान भी तैयार कर लिया है। यह जानकारी देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन कालिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे का कार्यक्रम तय हो चुका है। इस दौरान मुख्यमंत्री बड़सर की जनता को करोड़ों की सौगाते देंगे। कालिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि नवनिर्मित मिनी सचिवालय मैहरे में मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और यहीं से क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री शाम को पिछड़ी पंचायत जजरी में ठहराव करेंगे, जहां कार्यक्रम स्थल पर लोगों की समस्याओं को भी सुनेंगे।
इन विकास कार्यों को पहनाएंगे अमलीजामा
कालिया ने बताया कि बड़सर दौरे के दौरान 17 करोड़ की लागत से नवनिर्मित मिनी सचिवालय भवन, करीब 4.50 करोड़ की लागत से बने अग्निश्मन विभाग के भवन, 27 करोड़ की लागत से बने 132 केवी सब स्टेशन का लोकार्पण, दलचेहड़ा मे नवनिर्मित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भवन, वणी में नवनिर्मित हेल्थ सेंटर, का उद्घाटन कर जनता को समर्पित करेंगे। इसके आलावा चकमोह में पीएचसी भवन, बिझड़ी में नवनिर्मित वेटरिनरी हॉस्पिटल के अलावा बल बिहाल लखोह- गरड़ी संपर्क सड़कमार्ग और नाबार्ड के तहत निर्मित होने वाले धनेटा-बड़सर संपर्क मार्ग व कोहडरा में प्रस्तावित डे-बोर्डिंग भवन के लिए भूमि पूजन करेंगे। इसके इलाबा 132 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन गोबिंदसागर झील उठाऊ पेयजल योजना, 27 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सलौनी-दियोटसिद्ध के विस्तारिकरण के कार्यों का जायजा भी लेंगे।
कई योजनाओं के काम चल रहे अधूरे
असल समस्या यह है कि क्योंकि अभी कई योजनाओं के काम अधूरे चल रहे हैं। इनमें सड़क कै विस्तारीकरण के काम में फिलहाल रुकावट आ गई है। यह स्थिति जल योजना के निर्माण की है। कारण यह है यह स्थिति भी स्पष्ट मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ही होगी क्योंकि जिस तेजी के साथ यह कार्य शुरू हुए थे, अब स्लो डाउन क्यों हो गए हैं।












