शिक्षा बोर्ड ने सुधारी गलती, 12वीं का संशोधित परिणाम किया जारी, 83.16 से बढ़कर 88.64 प्रतिशत हुआ रिजल्ट, 4724 अतिरिक्त पास
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा बुधवार को 12वीं कक्षा का संशोधित परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। पहले 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 83.16 प्रतिशत था। अब अंग्रेजी पेपर की उत्तर कुंजी को संशोधित करने के बाद परीक्षा परिणाम बढ़कर 88.64 प्रतिशत पहुंच गया है। बोर्ड द्वारा अपनी गलती को सुधारने के बाद परीक्षा परिणाम में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। गौर रहे कि 86 हजार 373 छात्रों ने जमा दो की परीक्षा दी थी। पहले 71 हजार 591 विद्यार्थी पास हुए थे, जो कि अब बढ़कर 76 हजार 315 हो गए हैं। अब अतिरिक्त 4724 छात्रों को पास घोषित किया है। पहले पांच हजार 847 की कंपार्टमेंट थी, जोकि अब कम होकर मात्र 3838 ही रह गए हैं, इसमें 2009 की सीधे कंपार्टमेंट छूट गई हैं। बोर्ड की ओर से इस बार प्रोविजनल मेरिट सूची जारी नहीं की गई है। अब रिचेकिंग-रिवैल्यूएशन व स्पेशल एग्जाम के बाद फाइनल मेरिट लिस्ट ही जारी की जाएगी। गौरतलब है कि प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से 17 मई को जमा दो का अंग्रेजी विषय के साथ गलत परिणाम जारी कर दिया गया था। इसके बाद ओएमआर शीट में 16 अंकों के एमसीक्यू के गलत मूल्यांकन की बात सामने आने के बाद बोर्ड की ओर से जमा दो के अंग्रेजी विषय के मूल्यांकन के बाद रिजल्ट को दोबारा संशोधित करने की घोषणा की गई थी। बता दें कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा पहले घोषित किए गए 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में अंग्रेजी विषय पर गंभीर आरोप लगने के बाद बोर्ड ने अपनी गलती को स्वीकार करते हुए एक दिन पूर्व मंगलवार को 12वीं कक्षा का पुन: संशोधित परीक्षा परिणाम घोषित करने का ऐलान किया था।
संशोधित परिणाम शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर लोड
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने बताया कि 12वीं कक्षा के संशोधित परिणाम को स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा अपनी वेबसाइट पर लोड कर दिया गया है, जहां से विद्यार्थी उसे देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि संशोधित परीक्षा परिणाम में 4724 अतिरिक्त विद्यार्थी पास हुए हैं। पहले 71591 छात्र पास थे और अब 76315 पास हो चुके हैं। इसमें 3830 बच्चों की कंपार्टमेंट आई है, जबकि 5868 बच्चे फेल हुए हैं। उन्होंने बताया कि 12वीं कक्षा के परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन व पुनर्निरीक्षण परिणाम की घोषणा के बाद अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुनर्मूल्यांकन व पुनर्निरीक्षण के लिए अंतिम तिथि 5 जून निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण करवाने के इच्छुक परीक्षार्थी संबंधित पाठशाला के माध्यम से केवल ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट पर पुनर्मूल्यांकन के लिए 1000 रुपए व पुनर्निरीक्षण के लिए 800 रुपए प्रति विषय निर्धारित किया गया है।












