सभी पेंशनर्स के हिमकेयर कार्ड को मिले मान्यता
सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज ने एसडीएम सरकाघाट, विधायक धर्मपुर चंद्रशेखर तथा विधायक सरकाघाट दलीप सिंह ठाकुर के माध्यम से मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को विस्तृत ज्ञापन भेज कर मांग की है कि सरकार जब तक पेंशनर्स के चिकित्सा संबंधी बिलों का भुगतान करना शुरू नहीं कर देती, तब तक सभी इच्छुक पेंशनर्स के हिमकेयर कार्ड को, प्रदेश के अस्पतालों, एम्स तथा पीजीआई में मान्यता प्रदान करवाए, जिससे जरूरत पड़ने पर पेंशनर्स अपना इलाज अस्पतालों में करवा सकें। रमेश ने पेंशनर्स के हित में सरकाघाट विधायक दलीप ठाकुर से मुलाकात कर इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने का आग्रह किया। हिमाचल पेंशनर्स फैडरेशन खंड सरकाघाट के प्रधान रमेश ठाकुर, महासचिव जगदीश नरयाल, प्रदेशाध्यक्ष हिम्मत राम शर्मा तरह पेंशनर्स कल्याण संगठन सरकाघाट के प्रधान अमी चंद व सचिव रणजीत सिंह ने इस मांग को समर्थन दिया है।












