दुर्गम क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचाई जाएं दवाइयां व राशन: उपायुक्त
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि मानसून सीजन शुरू से पहले आपदा से बचाव के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। उन्होंने कहा कि मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी नियमित तौर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए भी उपयुक्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम जनमानस पहले से ही मौसम को लेकर अलर्ट रहे। उन्होंने कहा कि जिले में मानसून आरंभ होने से पहले कूहलों तथा नालियों की साफ-सफाई जरूरी है। इसके लिए विकास खंड अधिकारी सभी पंचायतों में जल निकासी के लिए कारगर कदम उठाने के निर्देश दें, ताकि बारिश का पानी कहीं भी रूक न सके। भूस्खलन को लेकर संवेदनशील सड़कों एवं अन्य जगहों की सूची पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। भू-स्खलन इत्यादि से होने वाले नुकसान को कम करने की दिशा में कारगर कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग, आईपीएच तथा विद्युत विभाग को आपदा प्रबंधन की दृष्टि से जेसीबी मशीनें और आवश्यक उपकरण भी पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। दुर्गम क्षेत्रों में राशन तथा दवाइयां पहुंचाने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग को भी आवश्यक खाद्य वस्तुओं का दुर्गम क्षेत्रों में भंडारण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर विलंब नहीं किया जाए।












