स्कूटी रैली व गीत-संगीत से लोगों को सही पोषण का दिया संदेश
पोषण पखवाड़े के समापन पर मंगलवार को बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत वृत्त लदरौर के आंगनबाड़ी केंद्र खुथड़ी-1 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायत भौंखर के प्रधान वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। महिलाओं ने स्कूटी रैली और गीतसंगीत के माध्यम से लोगों को सही पोषण का संदेश दिया। इस अवसर पर महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए वृत्त पर्यवेक्षक आशा रानी ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए सही पोषण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेकर हम कई बीमारियों से बच सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी बच्चे की जिंदगी के पहले 1000 दिन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इसी दौरान उसके शरीर का सबसे ज्यादा विकास होता है इसलिए गर्भाधारण के समय से ही माता और शिशु के पोषण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इसी के मद्देनजर पोषण अभियान आरंभ किया गया है और अभियान के तहत 8 से 22 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा मनाया गया। आशा रानी ने बताया कि पोषण पखवाड़े के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग ने कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं।












