आपदा प्रबंधन प्लान को अपडेट रखें सभी अधिकारी : एडीसी
जिले में किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में बचाव और राहत कार्यों को सुनियोजित ढंग से अंजाम देने तथा किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए पहले से ही पूरी तैयारी रखने के उद्देश्य से सोमवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के सौजन्य से यहां हमीर भवन में तीन दिवसीय कार्यशाला आरंभ हुई। आपदा के विभिन्न संभावित खतरों और इन खतरों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों पर आधारित इस कार्यशाला में आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भाग ले रहे हैं। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए एडीसी अभिषेक गर्ग ने कहा कि किसी भी तरह की आपदा से निपटने और बचाव एवं राहत कार्यों को बेहतर एवं सुनियोजित ढंग से अंजाम देने के लिए हमारी पहले से ही आवश्यक तैयारी होनी चाहिए। इसी के मद्देनजर जिला स्तर पर डीडीएमए के माध्यम से जिला आपदा प्रबंधन प्लान बनाया गया है। इसके अलावा उपमंडल स्तर और विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों के स्तर पर भी आपदा प्रबंधन प्लान बनाए गए हैं। इन आपदा प्रबंधन प्लान की नियमित रूप से समीक्षा की जानी चाहिए और इन्हें आवश्यकतानुसार अपडेट भी किया जाना चाहिए। कार्यशाला के आयोजन के लिए डीडीएमए की सराहना करते हुए एडीसी ने कहा कि इसके माध्यम से अधिकारी और कर्मचारी आपदा प्रबंधन से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करेंगे तथा वे अपने-अपने विभागों के आपदा प्रबंधन प्लान को अपडेट करने में सक्षम होंगे। कार्यशाला के पहले दिन आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ नरेंद्र सिंह कछोटिया ने भी जानकारी प्रदान की। इससे पहले, डीडीएमए की प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण समन्वयक समीक्षा शर्मा और जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के प्रभारी भानु शर्मा ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी।












