विधायक आशीष ने बछड़ी रैली में उत्कृष्ट पशुपालकों को किया सम्मानित
पशुपालन विभाग की ओर से प्रोजेनी टेस्टिंग जर्सी प्रोजेक्ट के अंतर्गत कलूंड में रविवार को बछड़ी रैली (काफ रैली) का आयोजन किया। इसमें पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। रैली में विधायक ने प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न, नकद पुरस्कार और 50 किलो फीड देकर सम्मानित किया। विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता वाले दूध उत्पादन को बढ़ावा देना, आधुनिक डेयरी फार्मिंग को प्रोत्साहित करना और श्रेष्ठ नस्ल के दुधारू पशुओं के संरक्षण और संवर्धन को सुनिश्चित करना है। इस मौके पर संयुक्त निदेशक डॉ. अजय सिंह, उपनिदेशक डॉ. मोहिंद्र शामा, सहायक निदेशक डॉ. अनीश कुमार, डॉ. वीरेंद्र पटियाल और डॉ. नंद किशोर सहित पशुपालन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।












