टिहरा में खुद गिरवाए रेन शेल्टर को भी नहीं बनवा पा रहे हैं विधायक-भूपेंद्र
. एक साल से लोगों को सिर छुपाने के लिए नहीं है कोई जगह
टिहरा में पिछले एक साल पहले गिराए रेन शेल्टर का निर्माण कार्य पिछले दिनों हिमाचल किसान सभा, टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा दिए ज्ञापन व धरने के बाद विभाग ने शुरू तो दिया था, लेकिन अब ढांचा खड़ा करने के बाद फिर से काम बंद हो गया है। इस पर पूर्व जिला पार्षद भपेंद्र सिंह, प्रधान अंजू रांगड्डा व पूर्ण चंद, पूर्व प्रधान रूपचंद, यशपाल पठानिया, अरुण अत्री, सुरजीत सिंह, रूपलाल, मलकीत सिंह, जगदीश शनवाल, हरजीत सिंह, प्रवीण चौहान, रमेल चंद, युद्धवीर ठाकुर, रमेश पालसरा, प्रदीप कुमार, दीवान चंद, सुखदेव शर्मा इत्यादि ने विभाग की कड़ी निंदा की है और मांग की है कि जल्दी से इसका निर्माण कार्य पूरा किया जाए। भपेंद्र सिंह ने कहा कि ये बहुत ही गैर जिम्मेदारी का कार्य लोक निर्माण विभाग का है, जिसके लिए यहां के विधायक मुख्य रूप में जिम्मेदार हैं, जिनके मौखिक आदेशों पर इस रेन शेल्टर को गत वर्ष अक्तूबर में गिरा दिया गया था और उनके ही चेहते ठेकेदार को इसे निर्मित करने का ठेका दिया गया था, जो इसे अब तक पूरा नहीं करवा पाए हैं। उन्होंने कहा कि टिहरा आने जाने वाले सैंकड़ों लोगों को इससे असुविधा हो रही है, लेकिन विभाग और विधायक दोनों इसे पूरा नहीं करवा रहे हैं। जो विधायक एक रेन शेल्टर का निर्माण एक साल में नहीं करवा पा रहा है वो धर्मपुर में विकास क्या और कितना करवायेगा इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर में पिछले तीन साल से विकास के सारे काम रुक गए हैं और ये जो बना बनाया रेनशेल्टर तोड़ दिया गया है वे उसे भी नहीं बनवा पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस रेन शेल्टर को तैयार नहीं किया, तो स्थानीय लोग व संगठन फिर से इसके लिए प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।












