नई कॉम्प्लेक्स प्रणाली के विरोध में करेंगे रोष प्रदर्शन
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शिक्षा खंड गोपालपुर-प्रथम की बैठक का आयोजन किया गया। खंड अध्यक्ष दिनेश सरोच ने बताया कि 5 अक्टूबर को रोष प्रदर्शन आयोजित कर उपमंडलअधिकारी (नागरिक) सरकाघाट के माध्यम से मुख्यमंत्री को 23 सितंबर को जारी नई क्लस्टर प्रणाली की अधिसूचना के तहत प्राथमिक विंग की अनदेखी के लिए ज्ञापन सौंपेंगे। इस अवसर पर जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष रतन राव व जिला महासचिव प्रेम लता (महिला विंग) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में संघ की खंड वरिष्ठ उपाध्यक्ष किरण बाला, मुख्य सलाहकार लीला देवी, महासचिव देवेंद्र नैस, कोषाध्यक्ष बलवंत कुमार, महिला विंग की अध्यक्ष मीनाक्षी कौंडल, महालेखाकार रोशन लाल, संयुक्त सचिव मेहर सिंह, पूर्व खंड अध्यक्ष अशोक शर्मा व अन्य अध्यापकों ने भाग लिया।












