अभिलाषी विश्वविद्यालय के फिजियोथेरेपी छात्रों का इंडियन एसोसिएशन ऑफ मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, सोलन में शैक्षिक दौरा
अभिलाषी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फिजियोथेरेपी ने तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के छात्रों के लिए इंडियन एसोसिएशन ऑफ मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (आईएएमडी), सोलन हिमाचल प्रदेश में एक शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया। इस अध्ययन दौरे में फिजियोथेरेपी विभाग के प्रोफेसरों डॉ. शैलजा एवं डॉ. शिवम द्वारा छात्रों का मार्गदर्शन किया गया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य छात्रों को मस्कुलर डिस्ट्रॉफी की प्रगतिशील प्रकृति की गहन समझ प्रदान करना तथा एनजीओ द्वारा अपनाई जा रही फिजियोथेरेपी प्रथाओं और हस्तक्षेपों का अवलोकन कराना था। इसके माध्यम से छात्रों ने यह जाना कि फिजियोथेरेपी किस प्रकार मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से पीड़ित व्यक्तियों के जीवन की गुणवत्ता सुधारने और कार्यात्मक क्षमता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। एसोसिएशन की अध्यक्ष संजना गोयल, जो स्वयं मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से प्रभावित हैं, ने छात्रों से संवाद करते हुए इस बीमारी से पीड़ित लोगों की चुनौतियों, संघर्षों और उनकी जीवनशैली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए फिजियोथेरेपी के महत्व और सीखने की निरंतर प्रक्रिया पर बल दिया। फिजियोथेरेपी विभाग के समन्वयक ने विश्वविद्यालय के प्रबंधन एवं नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए माननीय कुलाधिपति डॉ. आर.के. अभिलाषी, प्रति कुलाधिपति डॉ. एल.के. अभिलाषी, कुलपति प्रो. एच.के. चौधरी, रजिस्ट्रार डॉ. कपिल कपूर, अध्यक्ष (जीईएस) डॉ. नर्वदा अभिलाषी, उपाध्यक्ष (एईएस) डॉ. प्रोमिला अभिलाषी, सचिव नरेंद्र कुमार एवं डीन आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य विज्ञान डॉ. डी.के. मिश्रा का विशेष धन्यवाद प्रकट किया, जिन्होंने छात्रों को ऐसे प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक अनुभव प्रदान करने में सदैव सहयोग दिया है।












