ज्वालामुखी में सीवरेज चैंबर फटने से सड़क बनी नाला, दुकानदारों में रोष
शक्तिपीठ ज्वालामुखी के मुख्य मार्ग पर रविवार को एक सीवरेज चैंबर के फटने से गंदा पानी सड़क पर फैल गया, जो दुकानों तक जा पहुंचा। दुकानदार अमित, उत्तम, राजू, अजय, सन्नी और काका आदि का कहना है कि इससे उनका सामान खराब हो रहा है और ग्राहक भी आने से कतराने लगे हैं। स्थानीय निवासियों ने रोष प्रकट करते कहा कि हर दो-तीन दिन में सीवरेज टैंक ओवरफ्लो हो जाते हैं। मानसून के दौरान यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है, जब बारिश के पानी के साथ सीवरेज मिलकर पूरे मार्ग को जलमग्न कर देता है। नगर परिषद के अध्यक्ष धमेंद्र शर्मा ने बताया कि जल शक्ति विभाग को सूचित कर दिया है। विभागीय ठेकेदार को निर्देश दिए हैं। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।












