शिक्षा मंत्री रोहित ने किया 20 करोड़ की दो परियोजनाओं का भूमि पूजन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने वीरवार को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित दो महत्वपूर्ण शैक्षणिक परियोजनाओं का भूमि पूजन कर विधिवत शिलान्यास किया। इनमें मंझार में पहले चरण में 14 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला डे बोर्डिंग स्कूल और रैहन में 5.65 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सार्वजनिक लाइब्रेरी शामिल हैं। इस अवसर पर फतेहपुर के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) भवानी सिंह पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वांगीण विकास की रीढ़ मानती है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं सुलभ शिक्षा हर विद्यार्थी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा के मामले में हिमाचल एएसईआर-2024 में तीसरे और एनएएस सर्वे में पांचवें स्थान पर पहुंचा है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जहां छात्रों को स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान और कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं तथा पौष्टिक भोजन जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पीजीटी, टीजीटी, जेबीटी और एनटीटी के हजारों रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है।












