सावन के दूसरे सोमवार के लिए उमड़ने लगे श्रद्धालु, बैजनाथ शिव मंदिर में भक्ति का सैलाब
सावन माह के दूसरे सोमवार के मेले के लिए प्रशासन ने ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में पूरी तैयारी कर ली है। रविवार देर रात से ही श्रद्धालु मंदिर में पहुंचना शुरू हो गए हैं। मंदिर के गर्भ गृह और उसके बाहर के परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया है। मंदिर में पहले सोमवार की तरह जलहरी की नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु दिनभर शिवलिंग पर जल अर्पित कर सकेंगे। मंदिर के गर्भ गृह में एक पुजारी और एक मंदिर न्यास का ट्रस्टी अपनी ड्यूटी के अनुसार उपस्थित रहेगा। मंदिर के बाहर सुबह पंजाब के जगराओं के श्रद्धालु अशोक कुमार द्वारा खीर, जूस, फल और हलवा आदि वितरित किया जाएगा और दोपहर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा और मंदिर न्यास के ट्रस्टी और सरकारी कर्मचारी मंदिर में प्रबंधों के लिए उपस्थित रहेंगे। न्यास के सहायक आयुक्त एवं एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि दूसरे मेले के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।












