जनता की सेवा करना राजनीतिक जीवन का मुख्य उद्देश्य: रोहित
जुब्बल-नावर-कोटखाई अनुसूचित जाति विभाग की मासिक बैठक आज घेजटा कॉम्प्लेक्स, जुब्बल में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता की सेवा को अपने राजनीतिक जीवन का मुख्य उद्देश्य बताया। शिक्षा मंत्री रोहित ने कहा कि वह पिछले दो दशकों से राजनीति में सक्रिय हैं और इस क्षेत्र की जनता ने उन पर जो भरोसा और जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी के एक-एक पल का सदुपयोग जुब्बल-नावर-कोटखाई के विकास के लिए कर रहे हैं। बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जुब्बल-नावर-कोटखाई के विकास में वीरभद्र सिंह के महत्वपूर्ण योगदान को भी याद किया और उनके कार्यों की सराहना की। इस बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।












