नेरी इकाई ने 'पंछी हमारे मित्र' अभियान चलाया, पक्षियों को मिलेगा जल और भोजन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद व स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट के द्वारा पंछी हमारे मित्र अभियान चलाया गया है। इसके अंतर्गत विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता इस भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए स्वच्छ जल पात्र व खाद्य सामग्री रखकर पुण्य का काम करेंगे। आज उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में भीषण गर्मी का मौसम देखते हुए परिषद व एसएफडी के माध्यम से कार्यकर्ताओं द्वारा पक्षियों के लिए शीतल जल के पात्र महाविद्यालय परिसर में रखे गए। इकाई अध्यक्ष उज्जवल व सचिन अनीश का कहना है कि हमें केवल मानव के लिए ही नहीं अपितु संसार के समस्त जीव जंतुओं के लिए प्रेम, दया और सद्भावना रखनी चाहिए। प्रकृति में सभी जीवों का अपना-अपना महत्व है, इसलिए प्रकृति की रक्षा के लिए हम सबको हमेशा तत्पर रहना चाहिए और मानव का स्वभाव दयालु व सहयोगी भाव का होना चाहिए। विद्यार्थी परिषद नेरी इकाई द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छ जल पात्र व पक्षियों के लिए भोजन रखा जाएगा तथा इकाई के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने इसकी जिम्मेदारी ली है। इस मौके पर उज्जवल चोपड़ा, अनीश डडवाल, अनीश ठाकुर, कृष्ण कांत, कार्तिक रघुवंशी, सूर्यांश गुप्ता, शिवांश, वीरेन, निशांत, अनमोल, अर्णव, शिवांक, इशिता, स्नेहा, तान्या, काव्य चक्षु, अभिषेक, गौरव, कृतिका, तन्वी, अभिनाश चौधरी मौजूद रहे।












