भीषण अग्निकांड में दो मंजिला मकान राख
बीती रात को बालीचौकी विकास खंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जुफरकोट के एक गांव में भीषण अग्निकांड के चलते एक दो मंजिला मकान के राख होने का समाचार मिला है। ग्राम पंचायत थाचाधार के पूर्व प्रधान ललित ठाकुर ने बताया कि यह मकान तुलसी राम पुत्र दलपत राम गांव कटगाड़ का था। आग की इस घटना में 6 कमरो वाला यह पूरा मकान राख के ढेर में बदल गया है। आग लगने की यह घटना रात्रि 12 बजे के आसपास हुई और लोगों ने मुश्किल से घर में रह रहे एक बुजुर्ग और दिव्यांग को बाहर निकाला। आग का प्रकोप इतना भयानक था कि पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी सामान बचाया नहीं जा सका। वहीं सराज ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष वीर सिंह भारद्वाज ने अग्नि पीड़ित ओबीसी परिवार को मुआवजा देने की मांग की है और कहा कि इस विषय पर उन्होंने स्थानीय विधायक जयराम ठाकुर से भी परिवार का सहयोग करने का आग्रह किया है। आग की इस घटना के बाद स्थानीय पटवारी ने 15 हजार रुपए की फौरी राहत राशि, तिरपाल व कंबल प्रभावित परिवार को प्रदान किए। एसडीएम बालीचौकी देवी राम ने घटना की पुष्टि की है और कहा कि सम्बन्धित पटवारी को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
बॉक्स-
आग की इस घटना के उपरांत समाजसेवी बलदेव ठाकुर उर्फ बंटी सराजी ने भी पीड़ित परिवार से भेंट की और उन्हें कुछ जरूरी उपयोग की सामग्री प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने प्रशासन से शीघ्र ही परिवार के रहने के लिए अस्थाई आवास की मांग की है और कहा कि क्षेत्र में सर्दी की आमद शुरू हो चुकी है जिस कारण प्रभावित परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से उक्त परिवार को आर्थिक सहयोग देने की भी अपील की है।












