डाढ में शहीद मेजर सोमनाथ वन वाटिका का शिलान्यास
प्रदेश वन विभाग के वन मंडल पालमपुर के तहत वन परिक्षेत्र पालमपुर में शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा (परमवीर चक्र) वन वाटिका का शिलान्यास सोमवार को उनके पैतृक गांव डाढ में किया गया। सेवानिवृत्त चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ वीएन शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से सांसद राजीव भारद्वाज, विधायक आशीष बुटेल और पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा की उपस्थिति में वन वाटिका का शिलान्यास किया। वीएन शर्मा ने कहा कि शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की वीरता और शौर्य हम सभी को देश के रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की जीवनी पर प्रकाश डाला और युद्ध के दौरान देश की रक्षा के प्रति उनके आत्म समर्पण और पराक्रम का भी स्मरण किया। विधायक पालमपुर आशीष बुटेल ने शहीद मेजर सोमनाथ को नमन किया और कहा कि हम सभी गौरवांवित महसूस करते हैं कि मेजर सोमनाथ की जन्मभूमि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र का डाढ़ गांव है। उन्होंने कहा कि पालमपुर क्षेत्र के शहीद मेजर विक्रम बतरा, शहीद मेजर सुधीर बलिया, शहीद मेजर सौरव कालिया सहित कई वीरों ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने वन वाटिका के निर्माण स्थल पर उपस्थित मंदिर और खेल मैदान को यथावत ही रहने देने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय लोगों को कोई समस्या न हो। इससे पूर्व मुख्य वन अरण्यपाल वन वृत्त धर्मशाला वासु कौशल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के निर्माण कार्य में 50 लख रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं, इंसाफ संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा ने संस्था की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों का ब्योरा रखा। इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी पालमपुर डॉ. संजीव शर्मा, एसीएफ ओम प्रकाश चंदेल, इंसाफ संस्था के सदस्य, पूर्व सैनिक , वन विभाग के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शांता ने की 1 लाख रुपए देने की घोषणा
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने परमवीर चक्र विजेता शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा को नमन करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में निर्मित किया जा रही वन वाटिका भव्य और शानदार बननी चाहिए। इसके लिए स्थानीय जनता का भी पूर्ण सहयोग रहेगा। उन्होंने अपनी तरफ से सहयोग के रूप में 1 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने पूर्व में रहे सांसद स्व. किशन कपूर को याद करते हुए कहा कि वन वाटिका के निर्माण के लिए सांसद निधि से 50 लाख स्वीकृत करवाए गए हैं।
हम सभी के प्रेरणा स्रोत : राजीव भारद्वाज
लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा हम सभी के प्रेरणा स्रोत हैं । उन्होंने कहा कि वन वाटिका के निर्माण में जरूरत पडऩे पर सांसद निधि से आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमानी चामुंडा माता मंदिर को वैष्णो देवी माता मंदिर की तर्ज पर विकसित करने के लिए लोकसभा में मामला उठाया जाएगा और उन्होंने प्रदेश सरकार से मंदिर को विकसित करने के प्रारूप को तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने को भी कहा। उन्होंने वन वाटिका के निर्माण स्थल में स्थापित मंदिर और बच्चों के खेलने के मैदान को यथावत ही रहने देने को वन विभाग को निर्देशित किया।












