नगरोटा सूरियां में महिलाओं ने निकाली रोष रैली तहसीलदार के माध्यम से सरकार को भेजा ज्ञापन, अधिसूचना को रद्द करने की मांग
विकास खंड कार्यालय नगरोटा सूरियां को जवाली शिफ्ट करने की अधिसूचना को रद्द करने को लेकर संघर्ष समिति का धरना 15वें दिन भी जारी रहा। संघर्ष समिति के आह्वान पर आसपास की पंचायतों की महिलाओं ने इकट्ठे होकर नगरोटा सूरियां से समाज सेविका बबीता गुलेरिया की अगुवाई में रोष रैली निकाली। महिलाओं ने विकास खंड कार्यालय के बाहर इकट्ठा होकर सरकार के फैसले के प्रति अपना रोष जताया। महिलाओं ने विकास खंड कार्यालय नगरोटा सूरियां से हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर बस स्टैंड तक नारेबाजी की। इसमें चंद्र कुमार होश में आओ, होश में आओ, ब्लॉक की अधिसूचना रद्द करो आदि नारे लगाए। इसके बाद महिलाओं ने मुख्यमंत्री सुक्खू को नगरोटा सूरियां तहसीलदार के माध्यम से विकास खंड की अधिसूचना को रद्द करने के लिए ज्ञापन सौंपा। इसी बीच भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। वहीं, 15वें दिन अशोक कुमार, विजय नाग, विशाल सिंह, हंसराज, पवन धीमान और सुदेश कुमार पंचायत जरोट के ग्रामीण धरने पर बैठे। संघर्ष समिति के सह सयोजक गुरचरण सिंह बेदी ने हार पहनाकर धरने की शुरुआत करवाई। साथ ही संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि यह धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक कि विकास खंड नगरोटा सूरियां को जवाली ले जाने की अधिसूचना रद्द नहीं हो जाती है।












