प्रदेश में कांग्रेस चलाएगी वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान: मुकेश अग्निहोत्री
- 15 अक्तूबर तक होंगे एक लाख हस्ताक्षर
उप मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शनिवार को प्रदेश में शिमला से कांग्रेस पार्टी वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की शुरूआत की जाएगी। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर हिमाचल में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, पार्टी के विभिन्न क्षेत्रों से रहे पदाधिकारी और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा हर व्यक्ति इस अभियान में शामिल होगा। प्रदेश में कांग्रेस के संगठन के नाम पर मात्र प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अलावा संगठन का ढांचा न होने के सवाल के जवाब में अग्निहोत्री ने कहा कि हाईकमान शीघ्र ही पार्टी संगठन के ढांचे के पुनर्गठन की प्रक्रिया को पूरा करने जा रहा है। इसके बावजूद प्रदेश में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में पार्टी का संगठन सक्रिय है। उन्होंने बताया कि हाई कमान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने का ऑफर किया था, लेकिन अपनी धर्मपत्नी की मृत्यु के बाद पारिवारिक जिम्मेदारी निभाने की वजह से इस पद को स्वीकारने से इंकार कर दिया था। जबकि पार्टी ने वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान का संयोजक उन्हें बनाया गया है और वे इसी सिलसिले में प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्हें इस अभियान को सफल बनाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इस अभियान को चला रहे हैं। प्रदेश में पंद्रह अक्तूबर तक एक लाख हस्ताक्षर करवाए जाएंगे और 31 अक्तूबर को रिज मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। तब तक यह अभियान पूरा कर लिया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में दखल नहीं देगी, क्योंकि इन चुनावों में एक-एक पद पर अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ खड़े हो जाते हैं। ऐसे में किसी एक का समर्थन करने पर दूसरे नाराज हो जाते हैं। पानी के बिलों के सवाल पर जलशक्ति मंत्री के रूप में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विभाग को पानी के बिलों से ज्यादा आमदनी नहीं होती है। सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के बिलों को माफ कर दिया है। जबकि शहरी क्षेत्रों में बकाया बिलों को नहीं लिया जाएगा। नए सिरे से बिलों की अदायगी के लिए शहरी विकास विभाग के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
बॉक्स
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल में जलशक्ति विभाग ने केंद्र से मिले पैसे में से 120 करोड़ रुपए रैस्ट हाउस बनाने पर खर्च कर दिए। जिसको लेकर केंद्र सरकार ने ऐतराज किया है कि यह पैसा पेयजल योजनाओं के निर्माण के लिए दिया गया था, रैस्ट हाउस बनाने के लिए नहीं दिया गया था। इसके अलावा केंद्र सरकार की ओर से कहा गया है कि पेयजल स्कीमों का संचालन एवं पानी के बिलों की उगाही का जिम्मा पंचायतों को सौंपा जाए।
बॉक्स
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी एनएचएआई और निजी कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने जिस सड़क को लेकर अनशन किया था, उस मामले को केंद्र के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने बताया कि बीते तीन सालों में प्रदेश में सड़कों को लेकर 20 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
बॉक्स
जीएसटी के सवाल पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उत्पादक राज्य होने की वजह से हिमाचल को जीएसटी का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में तैयार उत्पाद बाहरी राज्यों में बिकते हैं, जिससे जीएसटी का फायदा भी उन्हीं बड़े राज्यों को मिलता है। उन्होंने आपदा के समय पेयजल आपूर्ति बहाल करने में अपना योगदान देने वाले जलशक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शाबाशी देते हुए कहा कि हाल ही में जलशक्ति विभाग में 1500 जलरक्षकों को पंप अटेंडेंट के पद पर पदोन्नत किया है। इसके अलावा शीघ्र ही विभागीय स्तर पर पांच हजार पद पैरा स्टाफ के भरे जाएंगे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ,कांग्रेस के पूर्व महासचिव चेतराम ठाकुर, एपीएमसी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, सदर की प्रत्याशी चंपा ठाकुर और नाचन के प्रत्याशी नरेश चौहान आदि मौजूद रहे।












