एबीवीपी का शिक्षा बोर्ड परिसर में फिर प्रदर्शन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सोमवार को स्कूल शिक्षा बोर्ड की लापरवाही और छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ बोर्ड के बाहर परिसर में प्रदर्शन किया। 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में हुई अनियमितताएं और छात्रों पर थोपे गए अनुचित शुल्क को लेकर नाराजगी जताई। एबीवीपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि 17 मई को जारी परिणाम में एक छात्रा को फेल घोषित किया था, जिसके बाद उसने कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि 22 मई को आए संशोधित परिणाम में वही छात्रा पास पाई गई। यह घटना शिक्षा बोर्ड की गंभीर लापरवाही और असंवेदनशीलता को दर्शाती है। उन्होंने मांग की कि बोर्ड अध्यक्ष, सचिव और संबंधित परिणाम प्रबंधन विभाग पर तत्काल प्रभाव से सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाए। बोर्ड में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।












