हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति 17 को करेगी धरना प्रदर्शन
सुंदरनगर में हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति (पेंशन संगठन) की जिला कार्यकारिणी की एक बैठक जिला संयोजक प्रभुराम वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, पेंशनरों एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों तथा प्रदेश सरकार की नीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिला संयोजक प्रभुराम वर्मा ने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पेंशनरों एवं कर्मचारियों को 17 अक्टूबर को मंडी में आयोजित होने वाली विशाल संयुक्त रैली में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। निर्णय लिया गया कि रैली के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र जिला उपायुक्त मंडी के माध्यम से सौंपा जाएगा। इस मांग पत्र में पेंशनरों से संबंधित लंबित मामलों, भत्तों की विसंगतियों तथा अन्य कर्मचारी हित के मुद्दों पर शीघ्र और ठोस निर्णय लेने का आग्रह किया जाएगा।












