डीएवी स्टेट लेवल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, मंडी द्वारा आयोजित डीएवी स्टेट लेवल फुटबॉल टूर्नामेंट 2025-26 का शुभारंभ रविवार को पड्डल ग्राउंड में बड़े ही उत्साह और जोश के साथ हुआ। दो दिवसीय इस भव्य खेल आयोजन में 5 क्लस्टरों से कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम वर्क और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगी। शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि दिनेश कुमार डीएसपी मंडी ने खिलाड़ियों को प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे पूरे मनोयोग और निष्ठा से खेलें तथा खेल भावना को सर्वोपरि रखें। इस अवसर पर प्रशांत (प्रधानाचार्य, डीएवी नेरचौक) और दीपिका शर्मा (प्रधानाचार्य, डीएवी जमथल) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया ने सभी खिलाड़ियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, एकता और धैर्य की भावना का संचार करते हैं। यह टूर्नामेंट केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि मित्रता, टीम स्पिरिट और चरित्र निर्माण का अवसर भी प्रदान करता है। शानदार मार्चपास्ट और दर्शकों के उत्साहपूर्ण जयकारों के बीच टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। खेल मैदान पर खिलाड़ियों के जज्बे और उमंग ने माहौल को रोमांचक बना दिया। आने वाले दो दिनों में रोमांचक मुकाबलों और यादगार खेल क्षणों के साक्षी बनने को दर्शक उत्सुक हैं।












