ढलियारा में तूफान से गिरा पेड़, बिजली की तारें टूटीं, दो पोल टूटे, सड़क पर पेड़ गिरने से लगा जाम, कई क्षेत्रों में बिजली गुल
ढलियारा में बुधवार शाम को तेज तूफान चलने से भारी नुकसान हुआ है। दो बिजली के पोल टूटने से तारें जमीन पर बिछ गई हैं। ढलियारा कॉलेज रोड के पास तेज हवाओं के कारण एक सफेदे का बड़ा पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। इस हादसे के समय कोई भी वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ का बड़ा हिस्सा गिरने से सड़क के नीचे से गुजर रही बिजली की लाइन को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे ढलियारा बाजार व आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। पेड़ के टूटने के बाद 20 मिनट तक यातायात ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय जिला परिषद सदस्य ईशान शर्मा ने युवाओं के साथ मिलकर पेड़ की टहनियों को सड़क से हटाया और यातायात को बहाल करवाया। युवाओं की तत्परता और सहयोग से मार्ग जल्द ही सुचारु रूप से खुल सका। बिजली विभाग के एसडीओ मनीष संधू ने बताया कि तेज तूफान के कारण ढलियारा बाजार और साथ लगते अन्य क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली की तारें टूटी हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। क्षेत्र में बिजली के दो पोल भी टूट गए हैं। विभाग की ओर से कर्मचारियों को तुरंत मौके पर भेज दिया है और बिजली बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।












