आशीष बुटेल ने दी शहीद कैप्टन सौरभ कालिया को श्रद्धांजलि
विधायक आशीष बुटेल ने सोमवार को कारगिल युद्ध के शहीद कैप्टन सौरभ कालिया के शहादत दिवस पर सौरभ वन विहार में शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आशीष ने कहा कि कैप्टन सौरभ कालिया ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे देश कभी नहीं भुला सकता। उन्होंने कहा कि उनके बलिदान को पालमपुर व जिला कांगड़ा तथा हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरा राष्ट्र प्रणाम करता है। उनका शौर्य और समर्पण भाव आने वाली पीढिय़ों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का कर्तव्य है कि हम शहीदों के बलिदान को सम्मान दें और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देशसेवा के संकल्प को मजबूत करें। इस मौके पर नगर निगम पालमपुर के महापौर गोपाल नाग, उप महापौर राज कुमार, पार्षद अमित मनु शर्मा, एसडीएम पालमपुर नेत्रा मेती, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशीष शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त विकास शर्मा, डीएफओ डॉ. संजीव शर्मा आदि ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।












