भाजपा राष्ट्र निर्माण की चलायमान विचारधारा: प्रो. राम
भाजपा बड़सर मंडल द्वारा आयोजित सक्रिय सदस्य सम्मेलन स्थानीय सभागार में संगठनात्मक शक्ति और राष्ट्रवादी ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में 300 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए हर बूथ-मजबूत बूथ के मंत्र के साथ भाजपा की विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, प्रदेश प्रवक्ता, स्थानीय विधायक, मंडल पदाधिकारी तथा विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को और अधिक सक्रिय बनाना, केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और मिशन 2027 की रणनीति को जमीनी स्तर तक सशक्त करना था। सम्मेलन के मुख्य वक्ता प्रो. राम कुमार ने कहा कि भाजपा मात्र एक राजनैतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की चलायमान विचारधारा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत द्वारा पिछले 11 वर्षों में प्राप्त की गई वैश्विक प्रतिष्ठा, आर्थिक विकास, सामाजिक कल्याण और तकनीकी आत्मनिर्भरता को रेखांकित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा के विचारों को समाज के हर कोने तक पहुंचाएं और जन संवाद को प्राथमिकता दें। बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र में रखकर कार्य करने वाली पार्टी है। भाजपा शासनकाल में बड़सर क्षेत्र में जो अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं उन्हें जनता तक सही रूप में पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने मिशन 2027 के लिए बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क बनाने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह कर रही है, जबकि भाजपा सेवा, सुशासन और समर्पण के सिद्धांतों पर चल रही है। सम्मेलन में डटवाल मंडल अध्यक्ष, यशवीर पटियाल और महामंत्री रवि कानूनगो ने भी सक्रिय भागीदारी दी। उन्होंने मंडलों के मध्य संगठनात्मक समन्वय को मजबूतर करने की बात कही और कहा कि बड़सर और डटवाल दोनों मंडलों को मिलकर 2027 में ऐतिहासिक जीत की नींव रखनी है। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री दिनेश शर्मा और अश्वनी बन्याल ने किया। सम्मेलन में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा सहित सभी प्रकोष्ठों की सशक्त भागीदारी रही, जिससे संगठन की व्यापकता और विविधता स्पष्ट दिखाई दी। सम्मेलन के समापन पर कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में फिर एक बार भाजपा सरकार का नारा लगाते हुए यह संकल्प लिया कि वे दिन-रात परिश्रम कर 2027 विधानसभा चुनावों में बड़सर सीट पर भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित करेंगे।