गोमा ने लंघा में सामुदायिक भवन निर्माण को दिए पांच लाख रुपए
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में जनहित, लोकहित और सामाजिक सभी कार्यों को पूर्ण करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता शामिल है। जालग पंचायत के लंघा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने सामथ्र्य और क्षमता के अनुरूप जनमानस की समस्याओं के समाधान और जयसिंहपुर में सभी मूलभूत आवश्यकताओं को पूर्ण करने के लिए वचनबद्धता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाहलना से गदियाड़ा सड़क का उन्नयन कार्य प्रगति पर है, जिस पर लगभग 3 करोड़ रुपए की धनराशि व्यय की जा रही है। उन्होंने जालग क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी हर मांग और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। गोमा ने लंघा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नई एक्स-रे मशीन भी स्थापित की जाएंगी। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की सेवाएं भी नियमित रहेंगी और फार्मासिस्ट की डेपुटेशन को भी और बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं, ताकि यहां के लोगों को कोई असुविधा न हो। आयुष मंत्री ने लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान किया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।












